प्रसिद्ध अभिनेता वरुण धवन और पूजा हेगड़े ने गंगा आरती में किया सहभाग
परमार्थ पहुंचकर दिव्य अनुभूति को किया साझा

ऋषिकेश। भारतीय फिल्म जगत के प्रसिद्ध अभिनेता वरुण धवन और अभिनेत्री पूजा हेगड़े अपने परिवार के साथ परमार्थ निकेतन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सपरिवार मां गंगा की दिव्य आरती में सहभाग किया।
इस दौरान प्रसिद्ध अभिनेता वरुण धवन और अभिनेत्री पूजा हेगड़े ने स्वामी चिदानन्द सरस्वती के मार्गदर्शन में किए जा रहे आध्यात्मिक, सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की जमकर सराहना की। इसके साथ परमार्थ निकेतन प्रांगण में रुद्राक्ष के पौधे का रोपण भी किया। अभिनेता वरुण धवन ने कहा कि “जो चीज़ मैं खोज रहा था, कहीं न कहीं वो आज मुझे मिल गई। परमार्थ निकेतन गंगा आरती में सहभाग करना सौभाग्य की बात है। मैंने अपना देश स्वच्छ रखने का संकल्प लिया और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित किया। अभिनेत्री पूजा हेगड़े ने कहा कि “यज्ञ, आरती और मंत्रों की ऊर्जा बहुत अद्भुत थी। स्वामी चिदानंद का पौधारोपण संकल्प जगत के लिए प्रेरणा स्रोत है। इस दौरान परमार्थ निकेतन की योगाचार्य और सेवक गंगा नन्दिनी त्रिपाठी ने दोनों अभिनेता को स्वामी चिदानन्द सरस्वती के दिव्य मार्गदर्शन में संचालित आध्यात्मिक, सामाजिक और पर्यावरण को समर्पित पहलों के विषय में जानकारी दी। साथ ही साध्वी भगवती के निर्देशन में संचालित विश्व विख्यात अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव की अद्भुत सफलता और वैश्विक आकर्षण के यादगार पलों को साझा किया। इसके उपरांत रेखा मशरूवाला, अतुल मशरूवाला, गंगा नन्दिनी, अरुण सारस्वत एवं परमार्थ परिवार ने दोनों अभिनेता को स्वामी चिदानंद के आशीर्वाद स्वरूप दिव्य रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया।




