भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का उत्तराखंड में भव्य स्वागत
पूरे प्रदेश में उत्साह और गर्मजोशी का माहौल

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पहले उत्तराखंड आगमन पर भाजपाइयों ने ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में उत्साह और गर्मजोशी का माहौल देखने को मिला।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक दो दर्जन से अधिक स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नेताओं ने पारंपरिक एवं सांस्कृतिक अंदाज में राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों, लोक नृत्यों और गगनभेदी नारों से माहौल पूरी तरह भाजपामय नजर आया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद हिमालयन अस्पताल चौक, कैलाश हॉस्पिटल, रिस्पना पुल, चंचल डेयरी, फव्वारा चौक और बलबीर रोड सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं और युवाओं ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। लोक वाद्य यंत्रों की थाप और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने स्वागत समारोह को और अधिक आकर्षक बना दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। जगह-जगह “भारत माता की जय”, “भाजपा जिंदाबाद” और पार्टी नेतृत्व के समर्थन में जोरदार नारे लगाए गए। महिला मोर्चा और युवा मोर्चा की भारी भागीदारी ने कार्यक्रम को और अधिक ऊर्जा प्रदान की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का यह स्वतःस्फूर्त उत्साह भाजपा के प्रति जनता के अटूट विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में उत्तराखंड भाजपा संगठन को नई मजबूती मिलेगी और विकास की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प और मजबूत होगा।




