उत्तराखंडलेटेस्ट खबरें

विश्वप्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद

हजारों श्रद्धालु डोली यात्रा में हुए शामिल

यमुनोत्री। भाईदूज के पर्व पर विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री मंदिर के कपाट धार्मिक परंपरानुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान हजारों श्रद्धालु कपाट बंद होने की प्रक्रिया के साक्षी बने।

रविवार को तड़के से ही यमुनोत्री धाम में विशेष पूजा-अभिषेक का क्रम शुरू हो गया था। अभिजीत मुहूर्त में अपराह्न 12 बजकर 05 मिनट पर मंदिर के कपाट बंद कर मां यमुना की भोग मूर्ति को डोली में बिठाकर भाई शनिदेव समेश्वर महाराज की अगुवाई में खरसाली गांव के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोली यात्रा में शामिल हुए।

बता दें कि मां यमुना की भोग मूर्ति शीतकाल के लिए खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर में विराजमान रहेंगी। श्रद्धालु यमुनोत्री मंदिर के कपाट खुलने तक खरसाली स्थित मंदिर में यमुना जी के दर्शन-पूजन कर सकेंगे। इस अवसर पर विधायक संजय डोभाल, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, उप जिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश प्रसाद उनियाल सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी व तीर्थ पुरोहित व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button