सूर्य किरण वेलफेयर सोसाइटी ने मेधावियों को बाटें धनराशि के चेक
बच्चों को शिक्षित करना संस्था की प्राथमिकता : रावत
ऋषिकेश। सूर्य किरण वेलफेयर सोसाइटी ने सरकारी विद्यालयों के बोर्ड परीक्षा में 20 टॉपर छात्रों और जरूरतमंद बच्चों को पुरस्कृत किया।
रविवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य व सूर्य किरण वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष डीबीपीएस रावत द्वारा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सरकारी विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा के 20 टॉपर छात्रों और जरूरतमंदों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संतोष पांथरी एवं होटल अमेरिस के डायरेक्टर अक्षत गोयल ने टॉपर और जरूरतमंद छात्रों को धनराशि के चेक वितरित किए। संस्था के अध्यक्ष व पूर्व प्रधानाचार्य श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज दिवाकर भानु प्रताप सिंह रावत ने कहा कि हमारी संस्था का उद्देश्य बच्चों की शिक्षा को निरंतर जारी रखना है। उन्होंने कहा कि ऐसे छात्रों के लिए अधिक नहीं कर सकते तो उनकी फीस ड्रेस और कॉपी किताबों की तो मदद कर ही सकते हैं। इसके लिए सरकारी विद्यालयों से बच्चे चुने जाते हैं। इसमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज, श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, पंजाब सिंह क्षेत्र इंटर कॉलेज, पूर्णानंद इंटर कॉलेज और राजकीय महाविद्यालय ऋषिकेश व अन्य सरकारी विद्यालयों से छात्र-छात्राओं का चयन किया जाता है। कहा कि संस्था के द्वारा अब तक सैकड़ो छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया जा चुका है। मुख्य अतिथि अक्षत गोयल ने कहा कि इस संस्था के द्वारा समाज में शिक्षा की अलख जगाने का कार्य किया जा रहा है और संस्था के इस पुण्य कार्य में अपना सहयोग समय-समय पर देते रहेंगे, ताकि एक अच्छे उत्कृष्ट समाज का निर्माण किया जा सके। इस मौके पर समाजसेवी सुरेंद्र नेगी, महान शिक्षक शिवेंद्र ध्यानी, शिष्य ओमप्रकाश गुप्ता, समाजसेवी निवर्तमान पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट, युवा छात्र नेता मयंक भट्ट, हर्षित धीमान आदि मौजूद रहे।




