उत्तराखंडलेटेस्ट खबरें

मूल निवास 1950 एवं सशक्त भू कानून को लेकर निकाली स्वाभिमान रैली, उमड़ा जनसैलाब

सरकार से जल्द कानून लागू करने की मांग

ऋषिकेश। उत्तराखंड में मूल निवास 1950 और सशक्त भू कानून लागू करने की मांग को लेकर समन्वय संघर्ष समिति ने आईडीपीएल हॉकी मैदान से त्रिवेणी घाट तक स्वाभिमान महारैली निकाली।

स्वाभिमान रैली में बड़ी संख्या में समिति के सदस्य एवं आम नागरिक शामिल हुए। इस दौरान लोगो ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया एवं सत्र शुरू होने से पहले मूल निवास, भू-कानून लागू करने की आवाज़ उठाई। स्वाभिमान महारैली में ऋषिकेश और आसपास के थाना क्षेत्र की पुलिस सुरक्षा के लिए मौजूद रही। समन्वय समिति संयोजक मोहित डिमरी ने कहा कि समिति लंबे समय से प्रदेश में सशक्त भू-कानून और मूल निवास की मांग कर रही है। सशक्त भू-कानून नहीं होने से उत्तराखंड की शांत वादियां अपराध का अड्डा बन गई हैं। इसके अलावा प्रदेश में 1950 मूल निवासी क़ानून भी लागू होना चाहिए। साथ ही समय-समय पर मूल और स्थाई निवासी का सर्वेक्षण होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता जल्द ही नहीं जागी तो भविष्य में प्रदेश दयनीय स्थिति में पहुंच सकता है। इसके लिए हम सबको मिलकर आवाज उठानी होगी। बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक प्रेसवार्ता के दौरान ऐलान किया है कि उनकी सरकार वृहद भू-कानून लाने जा रही है। अगले साल बजट सत्र में कानून का प्रस्ताव लाया जाएगा। लेकिन समिति जल्द से जल्द भू कानून को लागू करने की मांग कर रही है।

Related Articles

Back to top button