चारधाम यात्रा पर सरकार ने कसी कमर, अव्यवस्था फैलाने वालों पर प्रशासन ने दिखाई सख्ती
पुलिस ने भद्रकाली तिराहे पर वाहनों को रोककर यात्रियों का पंजीयन किया चेक
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा में क्राउड मैनेजमेट पर सख्ती बरतने के लिए सरकार ने कमर कस ली है, इसको लेकर गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल करन सिंह नगन्याल, एसएसपी देहरादून अजय सिंह, एसपी देहात एवं अन्य पुलिस कर्मियों ने सयुंक्त रूप से भद्रकाली चैक पोस्ट पर बिना स्लॉट बुकिंग और रजिस्ट्रेशन के जाने वाले वाहनों की चेकिंग की।
इसके साथ परिवहन अधिकारियों को ऐसे वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। इसके उपरांत पुलिस के आला अधिकारीयों ने चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस के अधिकारीयों ने ट्रांज़िट कैंप में उपस्थित यात्रियों को पानी की बोतल, जूस एवं खाद्य सामग्री भी वितरित की। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने पंजीकरण पर रोक लगाने को लेकर बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण की अधिक संख्या के चलते ऑफलाइन पंजीयन की तिथि आगे की गई थी, लेकिन पंजीकरण मिलते ही भारी मात्रा में पर्यटक धामों की ओर रवाना हो गए। जिससे क्राउड ज्यादा बढ़ने के चलते दो दिन के लिए पंजीकरण पर को रोक लगाई गई थी। जैसे ही वहां के जिला प्रशासन से सामान्य स्थिति की सूचना प्राप्त होगी। वैसे ही ऋषिकेश से श्रद्धालुओं के लिए पंजीयन खोल दिए जाएंगे।




