नीलकंठ पैदल मार्ग पर संदिग्ध अवस्था में मिला युवती का शव, युवक ने गला घोटकर की हत्या
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
ऋषिकेश। जनपद पौड़ी गढ़वाल के थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र के अंतर्गत एक युवती की गला घोटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार एक युवक ने युवती की गला घोटकर हत्या कर दी, इसके बाद उसके शव को नीलकंठ पैदल मार्ग पर फेंक दिया गया। मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र के अंतर्गत नीलकंठ पैदल मार्ग पर धांधला पानी से पुलिया खेत के लिए जाने वाले रास्ते पर एक युवती का शव मिलने से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना प्राप्त होते ही लक्ष्मण झूला पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भिजवाया। थाना प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी ने बताया कि युवती का शव झाड़ियां से बरामद हुआ है, उसकी पहचान नहीं हो पाई है, युवती की उम्र करीब 24 वर्ष है। घटनास्थल और शव की जांच पड़ताल की तो इस युवती के गले में फंदा मिला। प्रथम दृष्टया इस बात की पुष्टि हुई है कि उसकी गला घोट कर हत्या की गई थी। शव की पहचान नहीं हो पाई है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जिसके लिए एक टीम का गठन किया गया है। शव को पहचान के लिए एम्स की मोर्चरी में रखवाया गया है।




