राइका में 8 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों का बैटरी टेस्ट, नगर आयुक्त ने की हौसला अफजाई
नगर आयुक्त ने बच्चों के साथ रोपे पौधे
ऋषिकेश। राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल के खेल मैदान में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना 2024 के तहत नगर निगम ऋषिकेश के वार्ड संख्या 21 से 40 तक के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों में अध्ययनरत 8 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों का बैटरी टेस्ट लिया गया।
इस दौरान बैटरी टेस्ट के मुख्य निर्णायक एवं शारीरिक शिक्षक पंकज सती ने अवगत कराया कि 10 व 11 जुलाई को प्रथम चरण चुने गए खिलाड़ी 15 जुलाई को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित होने वाले नगर निगम स्तरीय द्वितीय चरण के बैटरी टेस्ट मेंं भाग लेंगे। इसके आधार पर जनपद स्तर की बैटरी टेस्ट प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसमें चयनकर्ता के रूप में नगर खेल समन्वयक चंद्रपाल सिंह, खेल विभाग के क्रिकेट कोच सागर रावत, हॉकी कोच शुभम पाल ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। वहीं, नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने प्रतियोगिता के सभी खिलाड़ियों एवं निर्णायकों का उत्साहवर्धन करते हुए उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की। नगर आयुक्त द्वारा निर्णायक मंडल से पारदर्शितापूर्ण तरीके से खिलाडियों का चयन करके योग्य खिलाड़ीयों को मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी छात्रवृति हेतु चयनित करने की बात की गई। साथ ही राइका में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने सहभाग कर छात्रों के साथ वृक्ष रोपे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी का आभार जताया। इसके साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी, शिक्षक एवं प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दी।




