मुख्यमंत्री ने लापता महिला की तलाश में सहायता का दिया आश्वासन
रेशमा की तलाश के लिए प्रशासन को दिए निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र निवासी रेशमा देवी के लापता होने के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उनके परिजनों को आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेशमा की तलाश के लिए शासन स्तर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में एसएसपी टिहरी से फोन पर वार्ता कर प्रकरण की जानकारी ली और रेशमा की तलाश के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के लापता होने का मामला परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक और संवेदनशील होता है। ऐसे मामलों में पुलिस एवं प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध तकनीकी एवं वैज्ञानिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर तलाश एवं जांच की कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रकरण में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए रेशमा की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच एवं तलाश की कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा परिजनों को जांच की प्रगति से भी अवगत कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस संवेदनशील प्रकरण में आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी और रेशमा की तलाश के लिए सभी संभावित प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रेशमा की सकुशल तलाश के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा हरसंभव प्रयास सुनिश्चित किए जाएं।








