एसबीएम इंटर कॉलेज में धूमधाम से निकाली तिरंगा रैली
रैली का उद्देश्य हर घर तिरंगा अभियान को मजबूती प्रदान करना : मेजर
ऋषिकेश। श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत के नेतृत्व में एक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के सैकड़ो छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
यह तिरंगा रैली शांति नगर, बनखंडी गंगानगर से होते हुए हरिद्वार रोड चुंगी से वापस विद्यालय में आकर समाप्त हुई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य हर घर तिरंगा अभियान को मजबूती प्रदान करना है और हमें प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर पर भी तिरंगा लगाना है। साथ ही सभी को हर घर तिरंगा अभियान के लिए प्रेरित करना है, क्योंकि तिरंगा हमारे देश की आन बान शान और मर्यादा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारतवर्ष को कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक एकता के सूत्र में पिरोता है, यह हमारे गौरव और अखंड भारतवर्ष की पहचान है। वरिष्ठ प्रवक्ता जमुना प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि हमें स्वतंत्रता दिवस को तिरंगे के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए, क्योंकि तिरंगा हमारी आजादी का प्रतीक है। इस मौके पर विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता यमुना प्रसाद त्रिपाठी लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, डॉक्टर सुनील दत्त थपलियाल, रंजन अन्थवाल, शिवप्रसाद बहुगुणा, विकास नेगी, सुनील थपलियाल आदि मौजूद रहे।




