उत्तराखंडलेटेस्ट खबरें

कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

दीपदान और यज्ञ कर मां गंगा से लिया आशीर्वाद

ऋषिकेश। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ऋषिकेश के गंगा घाटों में हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गंगा के पावन तट पर दीपदान और यज्ञ कर विशेष पूजा अर्चना की। साथ ही मां गंगा से घर में खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

बता दें कि तीर्थनगरी ऋषिकेश में कार्तिक पूर्णिमा धूमधाम से मनाई गई। कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया। तमाम गंगा घाट पूरे दिन श्रद्धालुओं से पटे रहे। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के साथ गरीब, असहाय और भिक्षुकों को अन्न, प्रसाद, दक्षिणा और वस्त्र आदि का दानकर पुण्य कमाया।

शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर तीर्थनगरी में बड़ी संख्या में देश के विभिन्न प्रांतों से श्रद्धालुगंगा स्नान को पहुंचे। ऋषिकेश के त्रिवेणीघाट पर तड़के से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। गंगा स्नान को देखते हुए यहां विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने गंगा सभा के सहयोग से चाय की व्यवस्था की। सुबह से शुरू हुआ गंगा स्नान का क्रम पूरे दिन जारी रहा। दिन के समय में त्रिवेणी घाट, दत्तात्रेय घाट, नाव घाट, रामानंद घाट, सांई घाट, दयानंद घाट, शत्रुघ्न घाट, रामझूला घाट आदि जगहों पर गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में और भी इजाफा हो गया। त्रिवेणी घाट पर धार्मिक संस्थाओं की ओर से हनुमान चालीसा तथा सुंदर कांड के पाठ के अलावा अन्य अनुष्ठान भी किए गए।

Related Articles

Back to top button