दो दशक से बंद पड़ी स्टेडिया फैक्ट्री में अचानक लगी आग, दमकल विभाग ने आग बुझाने के लिए की कड़ी मशक्कत
आग लगने से आसपास के इलाकों में मची अफरा-तफरी
ऋषिकेश। एम्स रोड पर आवास विकास कॉलोनी से सटी बंद पड़ी स्टेडिया फैक्ट्री परिसर में देर शाम अचानक आग लग गई। सूचना पाकर दमकल विभाग के दो वाहन मौका स्थल पर पहुंचे। हालांकि, फैक्ट्री बंद होने के कारण दमकल विभाग के वाहन भीतर नहीं पहुंच पाए। जिसके चलते देर रात तक फायर कर्मी दीवार फांदकर आग बुझाने की कोशिश में लगे रहे।
गुरूवार की देर शाम करीब 7:30 बजे आवास विकास स्थित स्टेडिया फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते परिसर में उगी झाड़ियों ने आग पकड़ ली। जिससे पूरे इलाके में आग की लपटें फैल गई। गनीमत रही कि आग लगने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लेकिन आग लगने से आस पास के इलाके में अफरा तफरी मच गई। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को दी। सूचना प्राप्त होते ही दमकल विभाग के दो वाहनों ने मौका स्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्क्त शुरू कर दी। स्टेडिया फैक्ट्री बंद होने के कारण दमकल विभाग के कर्मचारी दीवार फांदकर देर रात तक आग बुझाने की कोशिश ना लग रहे।
बता दें कि न्यायालय में विवाद के चलते स्टेडिया फैक्ट्री को सीज कर दिया गया था। पिछले दो दशक से न्यायालय के आदेश के बाद स्टेडिया फैक्ट्री पूर्ण रूप से बंद पड़ी है। जिससे परिसर में काफी घनी झाड़ियां उग गई थी। स्टेडिया फैक्ट्री में देर शाम जैसे ही आग लगी। वैसे ही तेज हवाओं ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया। तेज हवा चलने के कारण आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। जिस कारण अग्निश्मन विभाग के कर्मचारीयों को आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पडी।




