उत्तराखंडलेटेस्ट खबरें

डीएम ने जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के प्रगति कार्यों की समीक्षा की

1,047 योजनाओं में 1,039 योजनाएं पूर्ण

टिहरी। आज जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के सफल संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (DWSM) की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज द्वारा जनपद में संचालित 9 फंक्शनल सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सभी योजना एवं हर घर फंक्शनल टैप कनेक्शन (FHTC) की शाखावार प्रगति से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।

बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत योजनाओं की भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जल निगम द्वारा कुल 1,259 योजनाओं में से 1,252 योजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं, जबकि 7 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार जल संस्थान द्वारा कुल 1,047 योजनाओं में से 1,039 योजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं तथा शेष कार्य प्रगति पर हैं।

पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में सीवरेज लाइन एवं पेयजल पाइपलाइन के संभावित इंटरसेक्शन / लीकेज को लेकर किए गए फील्ड सर्वे की भी समीक्षा की गई। संबंधित डिवीजनों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि जहां भी पेयजल एवं सीवरेज लाइनों के इंटरसेक्शन की संभावना थी, वहां आवश्यकतानुसार लाइन शिफ्टिंग का कार्य किया जा चुका है। घनसाली एवं चमियाला में लाइन शिफ्टिंग पूर्ण कर ली गई है, जबकि देवप्रयाग एवं नई टिहरी में कुछ प्रकरण लंबित हैं।

नरेंद्र नगर में चल रहे सीवरेज कार्य के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि सीवरेज लाइन एवं पेयजल लाइन के बीच पर्याप्त दूरी अभी से सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार के इंटरसेक्शन अथवा पेयजल स्रोत के दूषित होने की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को भी स्पष्ट रूप निर्देशित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर पेयजल स्रोतों के दूषित होने की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए ग्राम स्तर पर भी विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों में निरीक्षण एवं आवश्यक फील्ड सर्वे करते हुए पेयजल स्रोतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम के.एन. सेमवाल द्वारा जल जीवन मिशन की प्रगति एवं हर घर जल योजना की अद्यतन स्थिति से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।

बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, सीएमओ डॉ राम प्रकाश, अधीक्षण अभियंता जल निगम विनय कुमार जैन सहित संबंधित उपस्थित रहे।

टिहरी गढ़वाल

Related Articles

Back to top button