Worldखास खबरबड़ी खबर

पाकिस्तान की हवाई सीमा में घुसा एयर इंडिया का विमान, मचा ह्ड़कंप

तकनीकी खराबी से गड़बड़ाया विमान का नेविगेशन

नई दिल्ली। विगत सोमवार रात दिल्ली से अमृतसर जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-479 में तकनीकी खराबी आने से विमान अपने तय रास्ते से भटक गया और सीधे पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में जा पहुंचा।

सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की चेतावनी मिलने के बाद ही पायलट को इस बात का पता चला जिसके बाद विमान ने यू-टर्न लेकर वापस भारतीय एयरस्पेस की ओर रुख किया। यह घटना सामान्य रूट भटकने जैसी नहीं है क्योंकि जिस एयरस्पेस में विमान गया वह फिलहाल भारतीय विमानों के लिए पूरी तरह बंद है।

बता दें कि पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने भारतीय रजिस्ट्रेशन वाले सभी विमानों चाहे वो कमर्शियल हों या मिलिट्री, के लिए अपना एयरस्पेस अप्रैल 2025 से बंद कर रखा है। यह बैन हर महीने नोटम के जरिए बढ़ाया जाता रहा है। जिस रात AI-479 रास्ता भटका उस समय भी यह बैन लागू था और 24 जून की सुबह तक के लिए बढ़ाया गया था। इसके बाद 16 जून को जारी एक नए नोटम से इसे 24 जुलाई तक और आगे बढ़ा दिया गया है। यही वजह है कि जैसे ही विमान पाकिस्तान के लाहौर फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन में दाखिल हुआ वहां की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी ने फौरन चेतावनी जारी कर दी।

गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच पहलगाम हमले के बाद से रिश्ते पहले से ही तनावपूर्ण हैं। ऐसे में बंद एयरस्पेस में किसी भारतीय विमान का चला जाना मामले को गंभीर बना देता है। हालांकि अमृतसर एयरपोर्ट के सूत्र बताते हैं कि विमान पाकिस्तान सीमा के अंदर डेढ़ मील से ज्यादा अंदर नहीं गया था। विमान ने सोमवार रात 9:18 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी जो तय समय से सिर्फ 3 मिनट की देरी थी। अमृतसर में लैंडिंग रात 10 बजकर 30 मिनट पर होनी थी, लेकिन बीच रास्ते में आई तकनीकी खराबी से विमान का नेविगेशन गड़बड़ा गया और यह सीमा पार कर गया।

भारतीय एयरस्पेस में लौटने के बाद भी मुसीबत खत्म नहीं हुई. तब तक अमृतसर एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ चुका था जिस वजह से विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिली। विमान कुछ देर अमृतसर के आसपास चक्कर लगाता रहा फिर कंट्रोल रूम के निर्देश पर इसे वापस दिल्ली भेजा गया जहां सुरक्षित लैंडिंग हुई। करीब दो घंटे इंतजार के बाद विमान को फिर से अमृतसर के लिए उड़ान भरने की अनुमति मिली और आखिरकार सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात लगभग 2 बजकर 20 मिनट पर यह अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा. इस पूरी प्रक्रिया में यात्रियों को करीब चार घंटे की देरी झेलनी पड़ी।

एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि रनवे की उपलब्धता और ट्रैफिक के कारण विमान को हवा में इंतजार करवाना सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन इस मामले में असली वजह तकनीकी खराबी और रास्ता भटकना बताया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और यह साफ नहीं हुआ है कि नेविगेशन सिस्टम में आई गड़बड़ी की असल वजह क्या थी।

Related Articles

Back to top button