लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, 11 लोगों की मौत
फायर ब्रिगेड की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई।घटना में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोगों के अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी है। मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिजनों से संवाद स्थापित कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं, साथ ही घायलों के समुचित इलाज करवाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “अभी ऊपरी मंजिल पर कोई नहीं है। पहली मंजिल की दीवार तोड़कर कर्मचारी अंदर गए हैं, धुंआ अधिक है। एक-एक कमरे की जांच की जा रही है। हमारी प्राथमिकता है कि सभी बच्चों को सुरक्षित निकाला जाए। प्रशासन और चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े सभी लोगों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एंबुलेंस मौके पर हैं।”
बताया जा रहा है कि आईटी की कोई कंपनी है, जहां बच्चे ट्रेनिंग करते हैं वही बच्चे फंसे हुए हैं. एक फायर कर्मी ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार 10 से 12 लोग यहां पर फंसे हुए हैं। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर मौजूद है और आग बुझाने का प्रयास जारी है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंच गए हैं।
एक चश्मदीद अमन ने बताया, “यहां एक लाइब्रेरी या कंप्यूटर कोर्स का संस्थान है। जब हम यहां पहुंचे, तो हमने इमारत से धुआं निकलते देखा। हमने 5-6 लोगों को बचाया। आग लगने के बाद, एक व्यक्ति इमारत से नीचे कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। अभी भी कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं।
मौके पर पहुंचे प्रभजोत सिंह ने बताया कि उनका बेटा सुखमणि सिंह गेमिंग प्रॉक्स का काम करता था. करीब सवा दो बजे बेटे ने ही फोन करके आग की सूचना दी. ऑफिस में करीब 20 से 22 लोग काम करते थे.
सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के अलीगंज में एक कोचिंग सेंटर में लगी आग की घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में तेज़ी लाने और घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने का आदेश दिया. प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने और घायलों के उचित इलाज के निर्देश भी दिए।




